IND vs NZ Final: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की पहली पारी में गेंदबाजी करते समय भारतीय टीम से कई सारी गलतियां हुईं। ये गलती ना होतीं तो भारत आसानी से न्यूजीलैंड को छोटे स्कोर पर रोक सकता था।
IND vs NZ: फाइनल में टीम इंडिया से हुई बड़ी गलती, कप्तान रोहित शर्मा ने भी की चूक; वरना न्यूजीलैंड न बना पाता 251 का स्कोर
IND vs NZ Final Score: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 फाइनल मैच में न्यूजीलैंड ने पहले खेलते हुए 251 रन बना डाले हैं। यह वनडे फॉर्मेट के हिसाब से देखने में बहुत कम स्कोर नजर आता है, लेकिन जब पिच दुबई की हो तो 250 रन बनाने में भी अच्छे-अच्छों के पसीने छूट जाते हैं। फाइनल मुकाबले में भारतीय स्पिनरों ने मायाजाल बुन लिया था, लेकिन भारतीय टीम की ओर से हुई गलतियों के कारण न्यूजीलैंड स्कोरबोर्ड पर 251 का स्कोर लगाने में सफल रही।
भारतीय कप्तान और अन्य खिलाड़ियों से कुछ ऐसी गलतियां हुईं, जो ना हुई होतीं तो शायद भारत, न्यूजीलैंड को 220-230 रनों के स्कोर पर रोक सकता था। यहां हम आपको उन्हीं गलतियों के बारे में बताएंगे।
Michael Bracewell का रन आउट का मौका छोड़ा
न्यूजीलैंड ने 40 ओवर तक 5 विकेट के नुकसान पर 172 रन बना लिए थे, लेकिन आखिरी 10 ओवरों में कीवियों ने कुल 79 रन जोड़े। माइकल ब्रेसवेल की नाबाद 53 रनों की अर्धशतकीय पारी टीम इंडिया को बहुत चुभ रही होगी। मगर 41वें ओवर में रवींद्र जडेजा ने माइकल ब्रेसवेल को रनआउट करने का मौका मिस कर दिया था। उस समय ब्रेसवेल केवल 3 रन बनाकर खेल रहे थे। ब्रेसवे उसी समय आउट हो गए होते तो शायद न्यूजीलैंड 220-225 के स्कोर तक सिमट गई होती।
IND vs NZ: हार्दिक पांड्या को दोबारा गेंदबाजी देना
भारतीय टीम में हार्दिक पांड्या दूसरे तेज गेंदबाज और छठे गेंदबाज का रोल अदा कर रहे हैं। दुबई की पिच पर एक तरफ मोहम्मद शमी ने 9 ओवरों में 74 रन लुटा डाले। दूसरी ओर हार्दिक पांड्या के स्पेल के पहले 2 ओवर महंगे रहे थे। एक तरफ जहां डेथ ओवरों में भी भारतीय स्पिनर्स कहर बरपा रहे थे, वहां रोहित शर्मा ने हार्दिक पांड्या को ओवर दिया, जिसमें उन्होंने 12 रन लुटाए।
टीम इंडिया ने कैच छोड़े
भारतीय टीम की एक और बड़ी गलती यह रही कि उसकी ओर से बहुत खराब फील्डिंग हुई। एक तरफ अपनी ही गेंद पर मोहम्मद शमी ने रचिन रवींद्र का कैच छोड़ दिया था, जिन्होंने 37 रनों की तूफानी पारी खेल कीवियों को बढ़िया शुरुआत दिलाई थी। दूसरी ओर श्रेयस अय्यर ने भी कैच टपका दिया था। वहीं कई बाउंड्री भी ऐसी रहीं, जिन्हें रोका जा सकता था।
Read More Here: