WPL 2025: मुंबई इंडियंस ने गुजरात जायंट्स को दिया 180 रनों का लक्ष्य, कप्तान हरमनप्रीत कौर की ताबड़तोड़ पारी ने लूटी महफिल

WPL 2025 MI vs GG: वीमेंस प्रीमियर लीग 2025 19वें लीग मुकाबले में पहले बैटिंग के लिए मैदान पर उतरी मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 179/6 रन बोर्ड पर लगा दिए।

iconPublished: 10 Mar 2025, 09:12 PM
iconUpdated: 09 May 2025, 12:28 PM

WPL 2025 MI vs GG Innings Highlights: वीमेंस प्रीमियर लीग 2025 (WPL 2025) का 19वां लीग मैच मुंबई इंडियंस और गुजरात जायंट्स के बीच मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेला जा रहा है। मुकाबले में पहले बैटिंग के लिए मैदान पर उतरी मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 179/6 रन बोर्ड पर लगा दिए। टीम के लिए कप्तान हरमनप्रीत कौर ने शानदार पारी खेलते हुए 33 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 54 रन स्कोर किए।

गुजरात ने जीता था टॉस (WPL 2025)

मुकाबले में गुजरात जायंट्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बैटिंग के लिए मैदान पर उतरी मुंबई के अच्छा टोटल बोर्ड पर लगाने के बाद ऐसा ही प्रतीत हो रहा है कि शायद गुजरात ने गलत फैसला ले लिया। मुंबई की पारी के दौरान गुजरात के लिए तनुजा कंवर, काश्वी गौतम, प्रिया मिश्रा और एशले गार्डनर ने 1-1 विकेट चटकाए।

ऐसी रही मुंबई की पारी (WPL 2025)

पहले बैटिंग के लिए मैदान पर उतरी मुंबई इंडियंस को अच्छी शुरुआत नहीं मिल सकी। टीम ने पहला विकेट अमेलिया केर (05) के रूप में तीसरे ओवर में सिर्फ 17 रन के स्कोर पर ही गंवा दिया। फिर टीम को दूसरा झटका सातवें ओवर में 46 रन के स्कोर पर हीली मैथ्यूज के रूप में लगा। हीली ने 22 गेंदों में 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 27 रनों की पारी खेली।

फिर कप्तान हरमनप्रीत कौर और नेट सीवर ब्रंट ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 59 (40 गेंद) रनों की साझेदारी की। इस साझेदारी से मुंबई को स्थिरता मिली। इसके बाद चौथे विकेट के लिए हरमनप्रीत कौर और अमनजोत कौर ने 33 (19 गेंद) रनों की साझेदारी की। फिर पांचवें विकेट के लिए कप्तान और संजीवन संजना ने 28 (15 गेंद) रनों की साझेदारी को अंजाम दिया।

फिर टीम के लिए आखिरी साझेदारी छठे विकेट के लिए यास्तिका भाटिया और संजीवन संजना के बीच 13 (06 गेंद) रनों की हुई।