आईपीएल 2025 से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स को बड़ा झटका, Mayank Yadav पहले हाफ से बाहर

Mayank Yadav: लखनऊ सुपर जायंट्स को आईपीएल 2025 से पहले बड़ा झटका लगा है, क्योंकि तेज गेंदबाज मयंक यादव चोट के चलते पहले हाफ से बाहर हो सकते हैं।

iconPublished: 11 Mar 2025, 09:42 AM
iconUpdated: 09 May 2025, 12:29 PM

आईपीएल के 18वें संस्करण की शुरुआत 22 मार्च से हो रही है, और सभी टीमें अपनी तैयारियों में जुटी हैं। हालांकि, लखनऊ सुपर जायंट्स को टूर्नामेंट से पहले बड़ा झटका लगा है, क्योंकि उनके युवा तेज गेंदबाज Mayank Yadav अब तक पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं। ऐसे में उनके पहले हाफ में खेलने की संभावना बेहद कम है, जबकि दूसरे हाफ में उनकी वापसी संभव मानी जा रही है।

स्पीड से प्रभावित किया, 11 करोड़ में किया गया रिटेन

Mayank Yadav ने अपनी तेज गति और प्रभावी गेंदबाजी से पिछले सीजन में सभी को चौंका दिया था। उन्होंने दिग्गज बल्लेबाजों को अपनी रफ्तार से परेशान किया, जिसके चलते लखनऊ सुपर जायंट्स ने उन्हें 11 करोड़ रुपये में रिटेन किया। यह उनके लिए बड़ी उछाल थी, क्योंकि आईपीएल 2024 में उन्हें महज 20 लाख रुपये में खरीदा गया था।

अंतरराष्ट्रीय डेब्यू के बाद चोटिल हुए थे Mayank Yadav

पिछले साल अक्टूबर में बांग्लादेश के खिलाफ अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने के बाद Mayank Yadav पीठ के निचले हिस्से में चोटिल हो गए थे। हालांकि, अच्छी खबर यह है कि उन्होंने हाल ही में बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में गेंदबाजी फिर से शुरू कर दी है।

ईएसपीएन की रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई ने उनकी वापसी के लिए कोई निश्चित तारीख तय नहीं की है। लेकिन अगर मयंक फिटनेस मानकों को पूरा करते हैं और वर्कलोड बढ़ाने में सफल रहते हैं, तो वह आईपीएल 2025 के दूसरे हाफ में मैदान पर नजर आ सकते हैं।

आईपीएल 2024 में दिखाया था दमदार प्रदर्शन

आईपीएल 2024 में मयंक ने महज 4 मैचों में 7 विकेट झटके और उनकी इकॉनमी 6.99 रही। वह अपनी तेज रफ्तार गेंदबाजी के कारण सुर्खियों में रहे थे। उन्होंने आरसीबी के खिलाफ 156.7 किमी/घंटा की रफ्तार से सीजन की सबसे तेज गेंद डाली थी।

24 मार्च को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ LSG का पहला मैच

लखनऊ सुपर जायंट्स अपने आईपीएल 2025 अभियान की शुरुआत 24 मार्च को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ करेगी। इस सीजन में टीम की कमान ऋषभ पंत संभालेंगे, जिन्हें फ्रेंचाइजी ने ऑक्शन में 27 करोड़ रुपये की भारी भरकम कीमत में खरीदा था।