IND vs NZ Final: भारत बनाम न्यूजीलैंड Champions Trophy Final मैच में मोहम्मद शमी की एक गलती टीम इंडिया पर बहुत भारी पड़ सकती थी। शमी चैंपियंस ट्रॉफी में कुल तीन महत्वपूर्ण कैच छोड़ चुके हैं।
IND vs NZ: चैंपियंस ट्रॉफी में तीसरी बार मोहम्मद शमी ने अपनी बॉलिंग पर छोड़ा कैच, इस बार रचिन रवींद्र को मिला जीवनदान
Mohammed Shami Catch Drop Rachin Ravindra: भारत और न्यूजीलैंड का चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल मैच (IND vs NZ Final) दुबई में खेला जा रहा है, लेकिन इस बीच मोहम्मद शमी कैच छोड़ने के कारण आलोचनाओं से घिर गए हैं। रवींद्र अभी तक चैंपियंस ट्रॉफी में न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे थे, इस कारण जब शमी से उनका कैच छूटा तो उनके साथी खिलाड़ी भी चौंक गए। वहीं सोशल मीडिया पर उन्हें आड़े हाथों लिया जा रहा है।
यह मामला न्यूजीलैंड की पारी के 7वें ओवर का है जब तीसरी गेंद पर रवींद्र का कैच उठा, लेकिन शमी गेंद को लपक नहीं पाए। हालांकि शमी को दर्द से कराहते देखा गया और उनके लिए तुरंत फिजियो को भी मैदान में बुलाया गया था। शमी के हाथ से खून की धारा भी बहती देखी गई। बता दें कि यह चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में पहला मौका नहीं है, जब शमी ने बड़े खिलाड़ियों का कैच छोड़ा है।
IND vs NZ: कैच पे कैच छोड़ रहे मोहम्मद शमी
मोहम्मद शमी ने इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में एक नहीं बल्कि 2 कैच छोड़े थे। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच के पहले ही ओवर में ट्रेविस हेड का कैच छोड़ दिया था। यह अच्छी बात रही कि सेमीफाइनल मैच में हेड ज्यादा बड़ा स्कोर नहीं बना पाए थे। उन्होंने सेमीफाइनल मुकाबले में तेजतर्रार अंदाज में 39 रनों की पारी खेली थी।
बाल-बाल बच गई टीम इंडिया
IND vs NZ फाइनल मैच में पारी के सातवें ओवर में मोहम्मद शमी से रचिन रवींद्र का कैच छूटा, जो भारतीय टीम के लिए बहुत भयंकर गलती साबित हो सकती थी। आउट होने से पहले रवींद्र 28 गेंद में 37 रन बना चुके थे, जिसमें 4 चौके और एक छक्का शामिल था। वो तो भला हो कुलदीप यादव का, जिन्होंने पारी के 11वें ओवर में रवींद्र को क्लीन बोल्ड कर दिया। बताते चलें कि रवींद्र अभी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। वो अब तक 263 रन बना चुके हैं।