Virat Kohli के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद उनके फैसले के पीछे की वजहों को लेकर तमाम अटकलें लगाई जा रही थीं। एबी डी विलियर्स ने इन वजह पर विराम लगा दिया है।
Virat Kohli के टेस्ट संन्यास पर खत्म हुई बहस, करीबी दोस्त ने बताई असली वजह
Virat Kohli के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद उनके फैसले के पीछे की वजहों को लेकर तमाम अटकलें लगाई जा रही थीं। लेकिन अब उनके करीबी दोस्त और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु में उनके पूर्व साथी एबी डिविलियर्स ने इस बहस पर विराम लगा दिया है। मुंबई में NGO प्रोजेक्ट मुंबई के एक कार्यक्रम के दौरान डिविलियर्स ने कहा कि Virat Kohli का यह फैसला पूरी तरह से उनकी "गट फीलिंग" पर आधारित था।

"उसने अपने दिल की सुनी। मुझे लगता है कि Virat Kohli ने सालों तक क्रिकेट के लिए बहुत कुछ किया है। अच्छी बात यह है कि हम उन्हें अब भी मैदान पर खेलते हुए देखेंगे। टेस्ट क्रिकेट में उनकी कमी जरूर खलेगी, लेकिन उन्होंने लाल गेंद क्रिकेट में जो विरासत छोड़ी है, वह शानदार है," डिविलियर्स ने कहा।
Virat Kohli के बाद अब युवाओं को उठानी होगी जिम्मेदारी
Virat Kohli और रोहित शर्मा जैसे सीनियर खिलाड़ियों के टेस्ट से हटने के बाद अब टीम इंडिया के लिए नया दौर शुरू हो रहा है। डिविलियर्स मानते हैं कि अब समय आ गया है कि युवा खिलाड़ी आगे आएं और टीम की जिम्मेदारी संभालें।
"हां, अब युवाओं के सामने बड़ा मौका है... शुभमन गिल अब जिम्मेदारी ले सकते हैं। भारत में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, और इसका काफी श्रेय आईपीएल को जाता है। यह युवा खिलाड़ियों को शुरुआत में ही बड़ा मंच और अनुभव देता है," उन्होंने कहा।
वैभव सूर्यवंशी जैसे युवा खिलाड़ी बना रहे हैं पहचान
डिविलियर्स ने आईपीएल 2025 में डेब्यू करने वाले वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ियों का उदाहरण देते हुए कहा कि नई पीढ़ी के क्रिकेटर बेहद परिपक्व नजर आते हैं। "हमने इस साल वैभव सूर्यवंशी को देखा, और कई अन्य युवा खिलाड़ी भी आए। वे पहले ही साल में काफी परिपक्व और तैयार नजर आते हैं। भारतीय क्रिकेट के लिए यह बहुत अच्छा संकेत है," डिविलियर्स ने कहा।
"इंग्लैंड दौरा कठिन होगा, लेकिन भरोसे से हो सकता है कुछ खास"
आने वाले इंग्लैंड दौरे को लेकर डिविलियर्स ने कहा कि यह टीम इंडिया के लिए एक कठिन परीक्षा होगी, लेकिन अगर युवा खिलाड़ियों को खुद पर भरोसा है, तो वे कुछ खास कर सकते हैं। "उन्हें इंग्लैंड में जिम्मेदारी लेनी होगी, यह एक कठिन परीक्षा होगी, लेकिन उनके पास दुनिया की सबसे बेहतरीन प्रतिभा है। अगर वे खुद पर विश्वास करें, तो कुछ खास हासिल कर सकते हैं," पूर्व दक्षिण अफ्रीकी कप्तान ने कहा।